उत्तराखंड की रजत जयंती पर हर्षल फाउंडेशन ने शुरू किया ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान

देहरादून : उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती (25 वर्ष) पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था हर्षल फाउंडेशन द्वारा ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु वैक्सीन उपलब्ध कराना है।

इस विशेष अभियान का शुभारंभ 9 नवम्बर 2025 को आर्य कन्या गुरुकुल, राजपुर रोड, देहरादून में किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न स्कूलों की छात्राएँ उपस्थित रहेंगी। यह अभियान पूरे साल भर तक चलेगा।

संस्था की ट्रस्टी सेक्रेटरी श्रीमती रमा गोयल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि हर्षल फाउंडेशन पिछले 25 वर्षों से दिव्यांगों के पुनर्वास, सशक्तिकरण एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर दिव्यांग सहायता शिविरों, कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रमों और महिला उद्यमियों के लिए प्रशिक्षण एवं प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया है, जिससे अनेक लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

उन्होंने बताया कि हर्षल फाउंडेशन नवयुवतियों में मासिक धर्म शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्यरत है। संस्था द्वारा कई विद्यालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

श्रीमती गोयल ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से निपटने के लिए समय पर जानकारी, जाँच और वैक्सीनेशन अत्यंत आवश्यक है। इसलिए यह अभियान न केवल महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए, बल्कि उनके मानसिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

हर्षल फाउंडेशन का यह अभियान आगे चलकर उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी, निजी एवं पब्लिक स्कूलों में आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाया जा सके।
इस मौके पर पत्रकार वार्ता में कल्पना अग्रवाल करनल मन्हास विजय कथूरिया इन्द्रेश गोयल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *